UPTET पर्चा लीक से फूटा कैंडिडेट का गुस्सा, नाराज परीक्षार्थियों ने सड़क जाम कर खूब हंगामा किया
वाराणसी. पेपर लीक होने से उत्तर प्रदेश में 2554 परीक्षा केंद्रों पर 1291628 परीक्षार्थियों की UPTET परीक्षा कैंसिल हो गई। वाराणसी के 89 केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद ही पर्यवेक्षक ने एलान किया कि एडमिट कार्ड रख लो। अब अगले महीने इसी तारीख को, इसी सेंटर पर और इसी वक्त एग्जाम होगा। अभी आप लोग वापस अपने-अपने गंतव्य पर लौट सकते हैं। यह फरमान सुनते ही वाराणसी के 89 सेंटरों पर परीक्षा रोक दी गई।
नाराज परीक्षार्थियों ने सड़क जाम कर खूब हंगामा किया
जिले में करीब 50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी और परिजनों को निराश होकर लौटना पड़ा। लौटते वक्त नाराज परीक्षार्थियों ने सड़क जाम कर खूब हंगामा किया। विरोध में नारे भी लगाए। रथयात्रा , कमच्छा, सोनारपुरा, सुंदरपुर और सिगरा के आसपास तो अभ्यर्थियों ने चक्का जाम भी कर दिया। ट्रेन, बस और हवाइजहाज से भी कई लोग यह परीक्षा देने आए थे।
कई लोग बंगाल, बिहार और भभुआ, मप्र, झारखंड से आए
परीक्षा देकर निकल रहीं इंदौर से आई पूनम मिश्रा बताती हैं कि वह सेकेंड क्लास में टिकट कराकर बनारस आईं थीं। इंदौर में निजी नौकरी करतीं हैं। बच्चों को छोड़कर केवल परीक्षा देने ही आईं थीं। अब पैसे तो छोड़िए पूरा मेहनत फिर से करना होगा। इनके साथ ही कई लोग बंगाल, बिहार और भभुआ, वहीं कई मध्यप्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से भी आए थे।
परीक्षा 2 पालियों में होनी थी
वाराणसी में भी कल देर रात से ही परीक्षार्थियों का शहर में आना शुरू हो गया था। यह परीक्षा 2 पालियों में होनी थी। वाराणसी में पहली पाली के लिए 89 सेंटर और दूसरी पाली के लिए 64 सेंटर बनाए गए थें। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 48,978 और दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक दूसरे पाली की परीक्षा होनी थी। जिसमें 34,601 कैंडिडेट परीक्षा में बैठने वाले थे। परीक्षा को देखते हुए शहर में सुबह से ही काफी भीड़ होने लगी थी। पूर्वांचल के कई जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए बनारस आ चुके थे। इस समय रोडवेज और रेलवे स्टेशनों पर लोगों का खूब हुजूम उमड़ा हुआ है।

