UPSC – 5 मिनट लेट होने पर नहीं मिली एंट्री, अभ्यर्थी बोला केरियर बर्बाद हो जायेगा, सिटी में 30 सेंटर्स पर परीक्षा

ग्वालियर. रविवार की सुबह यूपीएससी यानी संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा हो रही है। ग्वालियर में इसके लिये 30 परीक्षा सेंटर बनाये गये है। जिनमें 8 हजार 509 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 2 शिफ्ट में हो रही है। पहली शिफ्ट की परीक्षा संपन्न हो गयी। पहली शिफ्ट का पेपर हल करने के लिये अभ्यर्थी सुबह 8 बजे स ही परीक्षा सेंटर पर पहुंचना शुरू हो गया था। रविवार की सुबह 9 बजे एंट्री पूरी तरह से बन्द कर दी गयी थी।
यूपी के झांसी से आये अभ्यर्थी महज 5 मिनट की देरी से परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे तो उनको अन्दर प्रवेश नहीं करने दिया गया और वह परीक्षा नहीं दे पाये। झांसी निवासी अभिषेक माहौर ने बताया कि ट्रेन लेट हो गयी थी। इस 5 मिनट से मेरा पूरा फ्यूचर खराब हो जायेगा। पूरी साल की मेहनत खराब हो जायेगी।
परीक्षा सेंटर पर एंट्री से पहले हुई कड़ी चेकिंग
प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की अच्छी तरह से चेकिंग की गई। आयोग ने अपने निर्देशों पर पहले ही साफ कर दिया था कि अभ्यर्थी किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस (जैसे-मोबाइल, स्मार्ट वॉच व हैंड बैग, हाथ में ब्रेसलेट आदि) नहीं ले जा सकेंगे।चेकिंग के दौरान इसका विशेष ध्यान रखा गया। एडमिट कार्ड की स्पष्ट कॉपी, एक फोटो और पहचान पत्र लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों को बगैर किसी रोकटोक के प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दौरान शिकायत सुझाव के लिए बनाया कंट्रोल रूम
ग्वालियर में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संयुक्त कलेक्टर देवकी नंदन सिंह को परीक्षा प्रभारी एवं नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। संघ लोक सेवा आयोग ने ऑब्जर्वर के रूप में सेक्टर ऑफिसर हिमांशु कुमार को नियुक्त किया है। परीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्र.-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसका टेलीफोन नम्बर 0751-2446214 है। कलेक्ट्रेट के अधीक्षक आई आर भगत (मोबाइल नंबर 9425135143) को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया है। यह कंट्रोल रूम सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक लगातार कार्यशील रहेगा। परीक्षा समय तक इस कंट्रोल रूम में परीक्षा से संबंधित कोई भी शिकायत एवं सुझाव दिए जा सकेंगे।

