RSS प्रमुख के बयान पर ब्राह्मण समाज नाराज, ब्राह्मण बोले-मोहन भागवत दो दिन में वापस लें बयान, नहीं तो करेंगे आंदोलन
ग्वालियर. RSS के संघचालक मोहन भागवत के ब्राह्मणों पर दिए गए बयान का विरोध शुरू हो गया है। ग्वालियर में ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने आनन-फानन में बैठक कर मोहन भागवत से दो दिन में बयान वापस लेने की मांग की है। बैठक के बाद नाराज समाज के लोगों ने मोहन भागवत से दो दिन में बयान वापस लेने को कहा है। इसके बाद आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान सर्व ब्राह्मण महासंघ, ब्राह्मण महासभा, मप्र ब्राह्मण परिषद सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क पर उतर कर आंदोलन करेगा ब्राह्मण समाज
बैठक में शामिल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि मोहन भागवत का बयान राजनीति से प्रेरित है। इतना ही नहीं एक अन्य पदाधिकारी का कहना है कि वर्ण व्यवस्था ब्रह्मा जी ने की थी और इसका उल्लेख श्रीमद भागवत गीता में मिलता है। ऐसे में मोहन भागवत का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है अगर तय समय सीमा में मोहन भागवत ने अपना बयान वापस नहीं लिया गया तो ब्राह्मण समाज सड़क पर उतर कर अपना विरोध दर्ज कराएगा।
RSS प्रमुख का बयान हिंदुओं को तोड़ने वाला
हिंदू महासभा के प्रवक्ता सर्व ब्राह्मण महासंघ सदस्य डॉ. जयवीर भारद्वाज का कहना है कि मुंबई में RSS (भारतीय राष्ट्रीय संघ) के संघचालक मोहन भागवत द्वारा ब्राह्मण समाज के लिए जो आपत्तिजनक बयान दिया है उसका ग्वालियर के ब्राह्मण समाज पुरजोर विरोध करता है। उनका दिया हुआ बयान दुर्भाग्यपूर्ण है इसलिए हम उनसे आग्रह करते हैं कि वह अपना दिया हुआ बयान जल्द वापस ले नहीं तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा। क्योंकि राष्ट्रीय संघ के इतने बड़े पद पर रहने वाला व्यक्ति इस प्रकार के बयान देकर हिंदू समाज को नहीं तोड़ना चाहिए आपस में नहीं लड़ना चाहिए।

