NSUI ने महाराज बाड़े पर CM का किया पुतला दहन, सरकार पर तानाशाही का लगाया आरोप

ग्वालियर. विक्टोरिया मार्केट के सामने एनएसयूआई के कार्यकर्त्ताओं ने प्रदर्शन किया। यह विरोध कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ अशोकनगर के मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्त्ताओं ने सीएम मोहन यादव का पुतला दहन का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसबल ने पुतला छींनकर आग बुझा दी।
एनएसयूआई का आरोप है कि जीतू पटवारी के खिलाफ एफआईआर सीएम के इशारके पर दर्ज की गयी है। एमपी एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव कृष्णराज भारद्वाज ने कहा है कि पटवारी लगातार पिछडे और दलित वर्ग की आवाज उठा रहे हैं। इसलिये उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया है। वहीं, सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के पास पुतलादहन की कोई अनुमति नहीं थी और प्रशासन से पूर्व सूचना भी नहीं दी गयी थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

