MP में 24 घंटे में 18 केस, इंदौर बना हॉटस्पॉट
भोपाल. मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 18 नए केस मिले हैं। एक दिन पहले यह आंकड़ा 23 था। इंदौर में केस लगातार बढ़ रहे हैं। 2 दिन में ही 22 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा है कि बिना दोनों डोज लगे कोई भी कर्मचारी किसी संस्था में काम करता मिला तो उसके मालिक पर कार्रवाई होगी। वहीं, राजधानी भोपाल, ग्वालियर में भी संक्रमित मिले हैं। भोपाल में 6 और ग्वालियर में 1 पॉजिटिव केस मिला। मध्यप्रदेश में लगे कोरोना के सभी प्रतिबंध सरकार ने 17 नवंबर को हटा दिए थे। इसके बाद से ही प्रदेश में कोरोना के केस बढ़ गए हैं। 19 से 27 नवंबर के बीच सिर्फ एक बार संक्रमितों का आंकड़ा 9 पर रहा। बाकी दिनों में 11 से 23 तक आंकड़ा पहुंच गया। इंदौर हॉट स्पॉट बन रहा है। यहां 8 दिन में 55 नए केस सामने आ चुके हैं। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत छोटे शहरों में भी कोरोना असर दिखा रहा है।
इन जिलों में कोरोना का असर
इंदौर और भोपाल में लगातार केस मिल रहे हैं। इसके अलावा रायसेन, शहडोल, बड़वानी, श्योपुर, होशंगाबाद, बैतूल आदि जिलों में भी कोरोना का असर है। इससे चिंता बढ़ गई हैं। डॉक्टरों ने लोगों को कोरोनावायरस से बचाव के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
प्रतिबंध हटने के बाद ऐसे बढ़े केस
17 नवंबर को कोरोना के सारे प्रतिबंध हटने के बाद केस में भी बढ़ोतरी हुई है। 17 नवंबर को 7, 18 नवंबर को 6, 19 नवंबर को 11, 20 नवंबर को 17, 21 नवंबर को 13, 22 नवंबर को 12, 23 नवंबर को 22, 24 नवंबर को 14, 25 नवंबर को 9, 26 नवंबर को 23 और 27 नवंबर को 18 नए केस सामने आए हैं।

