MP में साउथ अफ्रीका से 5 सितंबर को आ सकती है एक्सपर्ट टीम, इनकी रिपोर्ट के बाद ही आएंगे चीते
भोपाल. मध्यप्रदेश के श्योपुर में कूनो नेशनल पार्क के चीता बाड़े से 4 तेंदुओं को रेस्क्यू कर लिया गया है। यहां अब सिर्फ एक तेंदुआ है, जिसकी वन विभाग तलाश कर रहा है। साउथ अफ्रीका की चीता एक्सपर्ट टीम के 5 सितंबर को कूनो आने की उम्मीद है। टीम की रिपोर्ट के बाद ही नामीबिया से 8 चीते भारत लाने का रास्ता साफ हाेगा। मध्य प्रदेश सरकार 17 सितंबर को कूनो में चीतों को लाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काे बर्थ-डे गिफ्ट देना चाहती है। इसे ध्यान में रखकर ही कूनो में तैयारी की जा रही है।
मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल में चीता ट्रांसलोकेशन प्रोजेक्ट की समीक्षा कर अधिकारियों को काम में तेजी लाने को कहा था। मुख्यमंत्री कूनो में चीतों को छोड़ने के प्रोजेक्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराना चाहते हैं। एक अधिकारी का यह भी दावा है कि पीएम मोदी के दौरे के लिए सुविधाजनक डेट की मांग करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय से पीएमओ को पत्र भेजा गया है।
वन विभाग के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल और सचिव एनटीसीए के सदस्य सचिव एसपी यादव ने गुरुवार को कूनो का भ्रमण किया था। ग्वालियर एयपोर्ट से चीतों को सड़क के अलावा हवाई मार्ग से लाने के विकल्प को देखते हुए शिवपुरी में 3 हैलीपेड बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब VVIP के लिए 2 और हैलीपैड बनाने की तैयारी है। राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) जेएस चौहान ने बताया कि चीतों को कूनो में बसाने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। चीते कब तब आएंगे, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है, क्योंकि यह केंद्र सरकार और परियोजना में शामिल दो देशों के बीच का मामला है।

