ओवरलोड पिकअप रोकी तो ट्रैफिक जवान को पीटा
मुरैना. मुरैना में यातायात विभाग के एक प्रधान आरक्षक को पिकअप चालक व उसमें बैठे आधा दर्जन लोगों ने जमकर पीटा। आरक्षक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने सवारियों से भरी पिकअप को रोकने की कोशिश की। जब चालक ने वाहन नहीं रोका, तो आरक्षक चलती गाड़ी पर लटक गया। हालांकि इसके बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वाहन को भगाता रहा। तीन किलोमीटर तक वाहन भगाने के बाद आरोपियों ने गाड़ी रोकी और उसमें सवार सभी लोगों ने उतरकर आरक्षक की पिटाई लगा दी और वायरलेस सेट तोड़ दिया। घटना शनिवार की है। इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया और वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही यातायात विभाग व सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है तथा पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने दबिश दी जा रही है।
यह है पूरा मामला
मुरैना के बैरियर चौराहे से सवारियों से भरी मिनी लोडिंग गाड़ी जा रही थी, जिसमें पीछे की तरफ पैर लटकाए सवारियां बैठी थीं। मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक राकेश कुमार ने उसे रोकना चाहा। उन्होंने हाथ दिया, लेकिन लोडिंग पिकअप चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। जिसके बाद प्रधान आरक्षक राकेश कुमार ने ड्राइवर की खिड़की से हाथ डालकर चाबी निकालना चाही तो उसने गाड़ी भगा दी। हाथ फंसा होने पर प्रधान आरक्षक ने अपने आप को बचाने के लिए लोडिंग के चालक की खिड़की के नीचे मौजूद पैरदान पर पैर रखा और लटक गया। वाहन चालक ने फिर भी लोडिंग नहीं रोकी और पूरी रफ्तार से भगा दी। तीन किलोमीटर तक उसने प्रधान आरक्षक को लटकाते हुए लोडिंग भगाई और उसके बाद रोक दी। लोडिंग रुकते ही चालक व उसमें सवार लोग नीचे उतरे और उन्होंने प्रधान आरक्षक को घेरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। प्रधान आरक्षक बार-बार यह कह रहा था कि उसकी गलती क्या है, लेकिन उन्होंने उसका कहना नहीं सुना और पीट दिया। जब प्रधान आरक्षक ने अपने सीनियर अधिकारियों को वायरलेस करना चाहा तो उसका वायरलेस सेट तोड़ दिया।

