MP में कार्यभारित कर्मचारियों को मिलेगा चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ, आदेश जारी
भोपाल.प्रदेश के कार्यभारित एवं आकस्मिक निधि सेवा के कर्मचारियों को अब चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ शासकीय कर्मचारियों की तरह मिलेगा। शासन ने इसका आदेश जारी कर दिया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि कार्यभारित एवं आकस्मिक निधि सेवा नियम के अंतर्गत नियुक्त प्रदेश के 60 हजार कार्यभारित एवं आकस्मिक निधि सेवा के कर्मचारियों को लंबे संघर्ष के बाद अब सरकार ने चतुर्थ समयमान वेतनमान का लाभ देने का आदेश जारी किया है।
मंत्रालय के कर्मचारियों ने भी की थी मांग
बीते दिनों मप्र में मंत्रालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी चौथे समयमान वेतनमान की मांग उठाई थी। इसके पीछे पहले से अधिक वेतन मिलने का तर्क दिया गया। हालांकि मंत्रालय और अन्य विभागों के शासकीय कर्मचारियों के वेतन में शुरू से अंतर रहा है। लेकिन इसके बावजूद मंत्रालय कर्मचारियों ने एक बार फिर से चौथे समयमान वेतनमान की मांग कर दी है।
35 साल की सेवा होने पर देंगे
मध्य प्रदेश में कर्मचारियों को 35 साल की सेवा अवधि संपूर्ण करने पर चौथे समयमान वेतनमान का लाभ दिया जाना है। इसके लिए सामान्य प्रशासन और वित्त विभाग सभी संबंधित विभागों को पहले ही आदेश भी जारी कर चुके हैं। यह बात अलग है कि इसके बावजूद विभागों में असमंजस की स्थिति है।

