MP की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात, बजट में 55 हजार करोड़ का प्रावधान
भोपाल. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा शनिवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 में एमपी की लाड़ली बहनों की बल्ले बल्ले हो गई है। बजट में पीएम आवास योजना के लिए बड़ा फंड अलॉट किया गया है जिससे प्रदेश की लाखों लाड़ली बहनों का खुद का पक्का मकान बनाने का सपना साकार हो सकेगा। योजना में करीब 55 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है जिससे मध्यप्रदेश की महिलाएं भी लाभान्वित होंगी। प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना के बाद महिलाओं के लिए लाड़ली बहना आवास योजना भी शुरु की थी जिसे पीएम आवास योजना में मर्ज किया जा चुका है।
केंद्रीय बजट 2025-26 में पीएम आवास योजना के लिए अब तक का सबसे बड़ा फंड मिला है। योजना के तहत 54 हजार 832 करोड़ रुपए अलॉट किए गए हैं। यह भारी भरकम राशि गरीबों के लिए पक्का घर बनाने में खर्च की जाएगी। पीएम आवास योजना में शहरों के साथ ही गांवों में भी पक्का मकान दिया जाता है।
केंद्रीय बजट 2025-26 पर देशभर की तरह मध्यप्रदेशवासियों की भी सुबह से ही नजर लगी थी। प्रदेश की लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाएं तो बजट को टकटकी लगाए देख रहीं थीं। सभी की निगाहें बजट में पीएम आवास योजना के अंतर्गत दी जानेवाली राशि पर थी।
मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना आवास योजना की घोषणा की गई थी जिसे अब पीएम आवास योजना में मर्ज किया जा चुका है। इस तरह केंद्रीय बजट में पीएम आवास योजना में भारी भरकम राशि का प्रावधान होते ही एमपी की लाड़ली बहनों का पक्का मकान बनाने की आस पूरी हो सकती है।

