MP ट्रेनें कैंसिल हुईं तो बसों में बढ़ी भीड़, यात्रियों से 2 से ढाई गुना तक ज्यादा किराया वसूल रहे ऑपरेटर
भोपाल. फेस्टिवल सीजन में भोपाल से होकर गुजरने वाली अलग-अलग रूट की 68 ट्रेनें एक हफ्ते में कैंसिल हो गईं। इसके चलते बसों में भीड़ बढ़ गई है। इसका फायदा उठाते हुए बस संचालक भोपाल से पुणे, अहमदाबाद, मुंबई सहित अन्य राज्यों में आवागमन करने वाली इंटरस्टेट बसों में 2 से ढाई गुना तक ज्यादा किराया वसूल रहे हैं। बस ऑपरेटर फ्लैक्सी फेयर सिस्टम के नाम पर यात्रियों से ज्यादा किराया वसूल रहे हैं। उधर रक्षाबंधन को देखते हुए कुछ बस संचालकों ने आरटीओ से अस्थाई परमिट लेकर भोपाल से बालाघाट, बैतूल, रीवा, सारणी, सतना, नरसिंहगढ़, राजगढ़ सहित 15 से ज्यादा स्थानों के लिए बसें चलाईं और आमदिनों के मुकाबले तीन गुना तक ज्यादा किराया यात्रियों से वसूल रहे हैं।
इंटर स्टेट बसों में 4 हजार तक वसूल रहे
रक्षाबंधन पर ट्रेनों के कैंसिल होने के लोगों को बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस कारण पुणे, मुंबई, अहमदाबाद सहित दूसरे राज्यों से भोपाल आने वाली बसों में यात्रियों से 3500 से 4000 रुपए तक किराया वसूला जा रहा है। जबकि आम दिनों में इन स्थानों से किराया दो से ढाई हजार के बीच रहता है।
शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेंगे
इस मामले में एडीशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर अरविंद सक्सेना का कहना है कि जिस यात्री से भी ज्यादा किराया लिया गया है, वह टिकट की डिटेल्स के साथ शिकायत कर सकता है। दोषी बस संचालक पर कार्रवाई की जाएगी। यात्री mptransport.org और हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं। परिवहन विभाग के अफसरों ने यात्री बसों द्वारा ज्यादा किराया वसूली के खिलाफ शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी दिए। उनका कहना है कि इन नंबरों पर सुबह 8:30 से रात 8:00 बजे तक यात्री अपने टिकट नंबर के साथ सहित डिटेल्स के साथ शिकायत कर सकते हैं। साथ ही परिवहन विभाग की वेबसाइट www.mptransport.org पर दिए गए विभिन्न आरटीओ व डीटीओ के नंबरों पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी।

