MP का रोडमैप मंत्रियों-अधिकारियों को बताएंगे शिवराज, 2 जनवरी को बुलाई बैठक
भोपाल. नववर्ष के आगाज के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रियों और अधिकारियों को मिशन 2023 के तहत आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोडमैप मंत्रियों और अधिकारियों को सौंपेंगे। इसके लिए दो जनवरी 2023 को मुख्यमंत्री आवास पर बैठक बुलाई गई है, जिसमें राजधानी में उपस्थित सभी कैबिनेट और राज्यमंत्री शामिल होंगे, जबकि राजधानी से बाहर के मंत्री, सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक (रेंज), पुलिस आयुक्त और सभी पुलिस अधीक्षक वर्चुअल शामिल होंगे।
मध्य प्रदेश में नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं, सरकार इसकी तैयारी में जुट गई है। सरकार ने तय किया है कि नए साल का आगाज नए संकल्पों के साथ होना चाहिए, इसलिए धार्मिक यात्रा से मध्य प्रदेश लौटते ही मुख्यमंत्री मिशन 2023 की तैयारी में जुट जाएंगे। दो जनवरी की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में मंत्रियों एवं अधिकारियों को बताया जाएगा कि उन्हें किस तरह से काम करना है, किन बातों को प्राथमिकता में रखना है और जनता के बीच उनका व्यवहार कैसा रहना चाहिए।

