GWALIOR में जूनियर डॉक्टर की पिटाई का फोटो वायरल, पिस्टल छीनने के प्रयास से आया गुस्सा
ग्वालियर. ग्वालियर में पुलिस और जूनियर डॉक्टरों के बीच बवाल की सबसे बड़ी वजह जूनियर डॉक्टरों का अडि़यल रवैया रहा। CSP ऋषिकेश मीणा से अभद्रता और गनर से मारपीट करने के बाद 4 घंटे तक पुलिस मेडिकल कॉलेज के डीन, रविशंकर हॉस्टल के वार्डन को साथ लेकर जूनियर डॉक्टरों से बातचीत करती रही। पुलिस और छात्र चार घंटे आमने-सामने रहे। बात तब बिगड़ गई जब जूनियर डॉक्टरों से पुलिस ने छीना मोबाइल और गाड़ी की चाबी मांगी गई। छात्र मोबाइल तोड़कर सीवर में फेंक चुके थे। जब यह पता लगा तो CSP को गुस्सा आ गया। इसके बाद पिस्टल छीनने के प्रयास का पता चलते ही पुलिस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। फिर क्या था पुलिस फोर्स आई और हॉस्टल में एक्शन हुआ। पुलिस ने उत्पात मचाने वाले छात्रों को जमकर पीटा। एक छात्र ने अपनी पिटाई के बाद शरीर पर डंडों के घाव के साथ फोटो भी वायरल किया है, जिसे देखकर समझ में आता है कि पुलिस ने किस तरह हॉस्टल में घुसकर छात्रों को पीटा है।
9 नामजद जूनियर डॉक्टर सहित 15-20 अन्य पर FIR दर्ज
ग्वालियर के झांसी रोड थाना में मेडिकल छात्रों पर पुलिस ने दो FIR दर्ज की है। पहला मामला CSP ऋषिकेश मीणा के गनर वाइसराम धाकड़ की शिकायत पर कार क्रमांक UP38 B-2829 के चालक विश्वेश शर्मा पर शराब पीकर लापरवाही से चलाने का दर्ज किया गया है। दूसरा मामला भी गनर की शिकायत पर IPC की धारा 353, 332, 294,427, 336,294, 147, 148, 149 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में मेडिकल छात्र विकास गुर्जर, धीरज चौधरी, विश्वेश शर्मा, गोविंद, विवेक, सायरमल, निर्मल, अमित, मोहन व विवेक जाटव सहित 15 से 20 अन्य छात्रों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने स्पॉट से आधा दर्जन छात्रों को गिरफ्तार किया था, जिनको बुधवार दोपहर के बाद आपसी बातचीत और समझौते के बाद छोड़ दिया गया है।
पुलिस का कहना
एएसपी शहर मृगाखी डेका ने बताया कि CSP ऋषिकेश मीणा गश्त पर थे तभी मेडिकल छात्रों ने उनसे अभद्रता की, बीच में आए गनर वाइसराम धाकड़ पर हमला किया। मोबाइल-चाबी छीन ले गए। इसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया। कुछ छात्रों को पकड़ा था। पर बाद में उनको आपसी बातचीत के बाद छोड़ दिया है। उनको जांच में सहयोग करने के आश्वासन पर छोड़ा गया है।

