GWALIOR में रेस्टोरेंट के मालिक ने खाने पर बहस होने के बाद दो व्यक्तियों को पीटा
ग्वालियर. ग्वालियर में दो व्यक्तियों को बड़ी बेरहमी से लात घूसे से पीटते होटल संचालक और उसके बेटे का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बुजुर्ग व्यक्ति होटल के पास देशी शराब के अहाता पर शराब पीने आए थे। उसी दौरान उनका कुछ विवाद होटल संचालक से हो गया। जिस पर होटल संचालक ने अपने बेटे के साथ मिलकर दोनो की मारपीट कर दी, लेकिन हैरानी की बात है कि यह मारपीट और हंगामा थाने से चंद कदमों की दूरी पर हो रहा था लेकिन पुलिस गायब रही। अभी तक किसी भी पक्ष ने मामले की शिकायत नहीं की है। पुलिस VIDEO की जांच कराने की बात कह रही है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के इंदरगंज थाना से 100 मीटर की दूरी पर बने देशी शराब के अहाता पर दो व्यक्ति शराब पीने आए थे। शराब पीने के बाद अहाता के पास में ही गोपाल होटल है। जिसके संचालक से दोनों व्यक्तियों की किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई थी। जिस पर होटल संचालक इतना भड़क उठा की उसने अपने बेटे के साथ मिलकर उन दोनों व्यक्तियों को जमकर लात घूसों से पीटा। दोनों शख्स में से एक व्यक्ति बार-बार होटल संचालक से माफी मांगता रहा लेकिन होटल संचालक ने उसकी एक न सुनी और उसे आहाता के बाहर पटक कर पीटता रहा। हंगामा होता देख कर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, खास बात यह है कि थाने के सामने ही इतना हंगामा और मारपीट चलती रही लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं होटल संचालक द्वारा दोनों व्यक्ति के साथ मारपीट और गाली गलौज करने की यह घटना पास ही में खड़े किसी अन्य व्यक्ति ने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

