GWALIOR में रिटायर्ड अभियोजन अधिकारी के घर से डायमंड-गोल्ड चोरी
ग्वालियर. ग्वालियर में पत्नी का इलाज कराने दिल्ली गए रिटायर्ड अभियोजन अधिकारी के सूने घर के ताले चटकाकर चोर गिरोह डायमंड-गोल्ड ज्वेलरी के साथ ही नगदी पार कर ले गए हैं। घटना पड़ाव के गणपति विहार की है। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोसियों ने ताले टूटे देखे तो पुलिस और रिटायर्ड अधिकारी को सूचना दी। घटना ऐसे समय हुई है जब नगरीय निकाय चुनाव के मतदान को लेकर जिले की सीमाएं सील थीं और शहर में पुलिस लगातार गश्त कर रही थी। पुलिस ने स्पॉट पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह है पूरी घटना
शहर के पड़ाव स्थित गणपति विहार निवासी 65 वर्षीय अजय गुप्ता पुत्र चंद्रभान गुप्ता जिला अभियोजन अधिकारी के पद से रिटायर्ड हैं। कुछ समय से उनकी पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने पर वह उनका उपचार कराने के लिए दिल्ली गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से घर पर ताले डाल गए थे। सूना घर देखकर चोरों ने ताले चटकाए और पूरे घर की तलाशी लेकर नगदी व जेवर पार कर दिए। बुधवार सुबह जब पड़ोसियों ने उनके घर के ताले टूटे और दरवाजा खुला देखा तो समझ गए कि कोई वारदात हुई है। जिस पर अजय गुप्ता को मामले की सूचना दी गई। वह वापस घर आए तो देखा कि अंदर सामान बिखरा पड़ा है। चोर घर से गहने, नकदी सब कुछ चोरी कर ले गए हैं। जिसके बाद तत्काल पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
यह सामान चोरी
चोर घर से डायमंड रिंग, डायमंड मंगलसूत्र, पांच सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, सोने की चेन, दो जोड़ी कान के टॉप्स, 45 चांदी के सिक्के, चांदी के गणेश और लक्ष्मी की मूर्ति, दो कटोरी चांदी की, एक लाख रुपए नकद के साथ ही अन्य सामान पार कर ले गए। लगभग पांच से छह लाख रुपए का सामान चोरी गया है।
CCTV से चोरों की तलाश
पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए अब आस-पास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। वहीं पता चला है कि दो दिन से तीन युवक इस गली में चक्कर काट रहे थे। CCTV की मदद से पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह तीन लड़के कौन थे। एक बार चेहरा साफ होते ही पुलिस को जांच की दिशा मिलेगी।

