GWALIOR में महिला चोर का CCTV फुटेज वायरल, पर्स में डेढ़ लाख रुपए के गहने, 35 हजार रुपए नकद थे
ग्वालियर. बेटी की सगाई में मां का गहनों से भरा पर्स चोरी। यह वारदात उस समय हुई है जब सगाई में आए मेहमानों का लड़की की मां स्वागत कर रही थी। उसी समय सोफा पर रखा पर्स एक महिला चोर उठा ले गई। पर्स में डेढ़ लाख रुपए के गहने, 35 हजार रुपए नकद रखे थे। घटना दो दिन पहले की है, लेकिन शुक्रवार शाम को वारदात का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर आने के बाद घटना चर्चित हुई है। घटना राज महल पैलेस पुरानी छावनी की है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर हजीरा स्थित शिवाजी कॉलोनी निवासी नीरज शिवहरे पुत्र छुट्टन लाल शिवहरे की छोटी बहन की सगाई का कार्यक्रम 2 दिन पुरानी छावनी स्थित राज महल पैलेस में हुआ था। रात 9 बजे के करीब इंगेजमेंट सेरेमनी का कार्यक्रम चल रहा था। लड़की-लड़का दोनों पक्ष के लोग स्टेज पर फोटो शूट करा रहे थे। साथ ही अपने-अपने मेहमानों की आवाभगत में लगे थे। लड़की की मां सभी का स्वागत कर रही थी। इसी बीच दोनों पक्ष की महिलाएं सोफे पर बैठ कर आपस में बातें करने लगीं तो लड़की की मां ने जेवर व नगदी से भरा बैग पास ही रख दिया और महिलाओं से बातचीज करने लगी। कुछ देर बाद जब उन्होंने देखा तो उनका बैग वहां नहीं था। यह देखकर वह परेशान हो गई और अपने बेटे नीरज को बताया। बैग चोरी हुआ है यह पता चलते ही वहां हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पर्स में करीब डेढ़ लाख रुपए के गहने, 35 हजार रुपए नकद रखे हुए थे।

