Gumla: जेल में गुण्डों की शराब पार्टी के मामले में प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, जेलर समेत 4 निलंबित
गुमला. (Gumla) झारखण्ड के गुंमला स्थित जिला जेल में बन्द अपराधियों द्वारा शराब पार्टी की तस्वीरें सामने आने के बाद राज्य सरकार ने कड़ी कार्यवाही की है। गुमला जेल के प्रभारी जेलर समेत 4 कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा (Gumla jail) जेल के सुपरिटेंडेंट के खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया गया है। जेल में पार्टी करने वाले कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा को दुमका सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
पिछले दिनों गुमला जिला जेल में अपराधी सुजीत सिन्हा और उसके साथियों द्वारा जेल के भीतर शराब पार्टी किये जाने की तस्वीरें वायरल हुई थी। ऐसा बताया जा रहा है कि यह पार्टी नये साल के मौके पर की गयी थी। तस्वीरें सामने आने के बाद जेल आईजी के निर्देश पर इसकी जांच कराई गयी । जांच में घटना सही पायी गयी। इसके बाद जेल आईजी मनोजकुमार ने प्रभारी जेल कोलेश्वर पासवान, वार्डन मोहरा सांगा, मुन्ना शाह और उपेन्द्रराय को निलंबित कर दिया है।
दो दिन पूर्व दी गयी थी जांच रिपोर्ट
आपको बता दें कि मण्डली कारा गुमला में गुण्डों की शराब और कवाब पार्टी मामले में कारा महानिरीक्षक मनोजकुमार को सोमवार को गुमला जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट भेजी गयी थी। इसके अलावा जेल आईजी को पहले से ही कारा उप महानिरीक्षक हामिद अख्तर ने जांच रिपोर्ट भेज दी गयी थी। वहीं, गुमला जिला प्रशासन की भी जांच रिपोर्ट भेज दी गयी है। इसके बाद कारा निरीक्षणाालय में दोनों रिपोर्ट की समीक्षा की गयी थी। समीक्षा के बाद ही जेल निरीक्षणालय ने यह कार्यवाही की है।

