बेटे ने मां पर किया चाकू से हमला, घायल मां पहले बेटे पर नहीं करा रही थी FIR
ग्वालियर. एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू महिला के हाथ और बाजू में लगा, जिससे वह घायल हो गयी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकट्ठे हो गये। इस बीच आरोपी बेटा हत्या की धमकी देकर फरार हो गया।
घटना बहोड़ापुर इलाके के सदाशिव नगर में गौरी शंकर स्कूल के पास की है। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में खबर मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभागा। पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर उसके बेटे के खिलाफ एफआइआर कर ली है। सदाशिव नगर निवासी धनेन्द्र झा एक प्रायवेट कम्पनी में नौकरी करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी नूतन 50, और बेटा रणदीप झा साथ रहते है। रणदीप शराब पीने का आदी है।
क्या है मामला
शनिवार रात करीब 11:30 बजे नूतन घर का काम कर रही थीं। तभी उनका बेटा रणदीप घर आया और आते ही खाना देने को कहा। मां ने उसे थोड़ी देर इंतजार करने और गर्म रोटी बनाकर देने की बात कही। इस पर नाराज होकर रणदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह किचन में गया और खाना देने में देरी से नाराज होकर पास में रखा चाकू उठाकर मां पर हमला कर दिया। इस दौरान चाकू महिला के हाथ में लगा, जिससे गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मां बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करना चाहती थी
चाकू के हमले से घायल महिला शुरू में बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करना चाहती थी। पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने पहले कहा था कि वह किचिन में काम करते वक्त उन्हें गिरने से चोट लगी है। लेकिन पूछताछ में सच्चाई सामने आयी और उन्होंने स्वीकार कर लिया कि बेटे ने ही चाकू मारा है। इसके बाद पुलिस की समझाइश पर महिला ने आरोपी बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, फिलहाल आरोपी फरार है पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

