CM ने 6 अधिकारी-कर्मचारियों को किया निलंबित
जबलपुर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक डिंडोरी जिले के शहपुरा विकासखंड के अंतर्गत बिलगढ़ा बांध का निरीक्षण करने पहुंचे। बांध में जहां रिसाव हो रहा है, उसका निरीक्षण किया तथा इसकी जांच के लिए भोपाल से टीम भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री वीजीएस सांडया को मौके पर ही निलंबित कर दिया, वहीं सब इंजीनियर एस के चौधरी और डब्ल्यूआरडी के एसडीओ एमके रोहतास को भी लापरवाही पर निलंबित कर दिया।
बांध के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री चौहान शासकीय हाई स्कूल बिलगांव पहुंचे, जहां बच्चों से शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों से मुख्यमंत्री ने पूछा कि औद्योगिक क्रांति कहां से शुरू हुई, भाप का इंजन किसने बनाया, मोटा अनाज में कौन-कौन सी फसल आती हैं, बिलगांव में कौन-कौन सी फसल ली जाती हैं। उन्होंने बच्चों से प्रदूषण नियंत्रण के उपाय पूछे। बच्चों से सकारात्मक उत्तर मिलने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक-एक पेन दिया। पुरस्कार पाने वाले बच्चों में सागर साहू, हरी साहू और ज्योति साहू है।
शहपुरा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बरगांव पहुंचे, जहां चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल व बिजली की समस्याओं को सामने रखा गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नल जल योजना का कार्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा और विद्युत व्यवस्था का उन्नयन किया जाएगा। उन्होंने गांव की स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए सोमवार और मंगलवार को शिविर लगाने के निर्देश दिए। बरगांव के बाद मुख्यमंत्री बड़झर पिपरिया स्थित आश्रम शाला का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बिस्तर, कंबल, स्वेटर व भोजन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की, साथ ही शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। आश्रम शाला में लापरवाही व अनुपस्थिति के कारण संबंधित आश्रम के अधीक्षक कमलेश गोलिया को निलंबितकर दिया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत अमठेरा के पोषक ग्राम बड़झर पिपरिया में किसानों के द्वारा बीज वितरण संबंधी शिकायत पर डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर अश्वनी झारिया को निलंबित कर दिया गया।

