CM शिवराज का ऐलान MP के मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलेंगे 5 लाख रुपए
भोपाल. देश के दिल मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज हो गया है। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी की गई। भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में सोमवार की शाम इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय राज्यमंत्री निशीथ प्रामाणिक, मध्यप्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा टीटी नगर स्टेडियम में मौजूद रहे। मंच पर अभिलिप्सा पांडा ने ‘हर हर शंभू’ भजन गाकर समां बांध दिया। गायिका नीति मोहन ने भी अपनी प्रस्तुति दी। कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रम प्लेयर शिवामणि और ग्रुप ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की प्रस्तुति दी। सिंगर शान ने ‘हर हर मैदान फतेह’ समेत कई गानों की शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। मंच संचालन अभिनेता जय भानुशाली ने किया। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि देश के दिल में देश के कोने-कोने से आए बेटे-बेटियों का अभिनंदन करता हूं। खिलाड़ियों का भविष्य गढ़ने वाले और नए भारत का निर्माण करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि अनुराग जी आपने कहा मध्यप्रदेश सबका ध्यान रखें, मैं विशास दिलाता हूं हम अतिथि देवो भव का पालन करते हैं, मेहमानों की सेवा में कोई कमी नहीं रहेगी।
जो मेडल जीतेंगे, उन्हें आगे की तैयारी के लिए मिलेंगे 5 लाख रुपए
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कल ही भारत की बेटियां ने अंडर 19 टी-20 वर्ल्ड कप जीता। मप्र की बेटी सौम्या तिवारी ने शानदार शॉट लगाया। सीएम बोले- खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने में धन की कमी नहीं आएगी। सीएम ने कहा कि पिछले खेलो इंडिया गेम्स में एमपी के खिलाड़ियों ने 38 मेडल जीते थे। सीएम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मप्र के जो बच्चे पदक जीतकर आएंगे, उन्हें अगले खेलों की तैयारी के लिए 5 लाख का पुरुस्कार दिया जाएगा। खेलिए, जीतिए लेकिन अनावश्यक दबाव में न आइए। अनुराग बोले- हिंदुस्तान के 5 पारंपरिक खेलों को इसमे शामिल किया गया है। ये खेल जल्द ही अंतरराष्ट्रीय खेल बनेंगे। प्रवासी भारतीय दिवस में दुनिया भर के भारतीयों का जैसे स्वागत किया था, ऐसे ही खेलों में भाग लेने आए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं।
ग्वालियर- जिम्नास्टिक, हॉकी, बैडमिंटन और कलरिपावट्टू प्रतियोगिताएं होंगी
मध्यप्रदेश की मेजबानी में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में ग्वालियर में 4 अलग-अलग खेल बैंडमिंटन, हॉकी, जिम्नास्टिक और कलरिपावट्टू के मुकाबले होंगे। मध्यप्रदेश बैंडमिंटन अकादमी में 31 जनवरी से 3 फरवरी तक मध्यप्रदेश के 6 चयनित शटलर्स पदकों के लिए कड़ा मुकाबला करेंगे। ग्वालियर की हॉकी अकादमी में 7 दिन, 4 से 10 फरवरी तक हॉकी के मुकाबले खेले जाएंगे। मध्यप्रदेश के कुल 36 हॉकी प्लेयर (पुरुष एवं महिला) टीम का हिस्सा होंगे। एलएनआईपीई में जिम्नास्टिक के मुकाबले 1 से 5 फरवरी तक होंगे। इसमें 17 खिलाड़ी शानदार करतब दिखाएंगे। ग्वालियर में 3 दिन, 8 से 10 फरवरी तक केरल के पारंपरिक खेल कलरिपावट्टू के मुकाबले दिखेंगे। मध्यप्रदेश से इस खेल में 11 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

