CBI ने लांच किया ऑपरेशन चक्रा-5, अचानक 42 जगहों पर मारा छापा, मचा हड़कंप
नई दिल्ली. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों पर लगाम कसने के लिए अपने अभियान ऑपरेशन चक्रा-5 के तहत एक व्यापक कार्रवाई शुरू की है। इस ऑपरेशन के तहत सीबीआई ने देशभर में 42 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जिसमें टेलीकॉम ऑपरेटरों के पॉइंट ऑफ सेल एजेंट्स के ठिकानों को निशाना बनाया गया। ये एजेंट्स कथित तौर पर साइबर अपराधियों और टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के अज्ञात अधिकारियों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों के लिए सिम कार्ड जारी कर रहे थे।
ये चल रहा था खेला
सीबीआई के बयान के अनुसार इन सिम कार्ड्स का उपयोग डिजिटल अरेस्ट, व्यक्तित्व की नकल, धोखाधडी वाले विज्ञापन, निवेश घोटाले, यूपीआई धोखाधडी जैसे गंभीर अपराधों में किया जा रहा था। इस कार्रवाई में असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे 8 राज्यों में 38 पीओएस एजेंट्स के परिसरों की तलाश ली गई।
छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री जब्त की, जिसमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, केवाएसी दस्तावेजों की प्रतियां और अवैध सिम कार्ड वितरण में शामिल बिचौलियों की पहचान शामिल है। इसके अलावा, अपराध से अर्जित संपत्ति भी जब्त की गई। जांच एजेंसी ने केवाएसी नियमों का उल्लंघन कर अनधिकृत रूप से सिम कार्ड बेचने के आरोप में चार राज्यों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

