एसपी ने किया ट्रैफिक थाना टीआई और हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर, रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल
श्योपुर. शुक्रवार को एसपी वीरेन्द्र जैन ने यातायात थाना टीआई संजय राजपूत और प्रधान आरक्षक वीर सिंह उर्फ वीरू भदौरिया को लाइन अटैच किया है। 5 ट्रैक्टरों को रेत का अवैध परिवहन करने की छूट देने के नाम पर टीआई और प्रधान आरक्षक का रिश्वत से जुडा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद एसपी की ओर से यह कार्यवाही की गयी है।
क्या है घटनाक्रम
गुरूवार की दोपहर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें ट्रैफिक थाना टीआई और प्रधान आरक्षक रात के अंधेरे में पुलिस लाइन रोड पर एक शख्स से चम्बल के रेत का अवैध परिवहन करने के बदले में 5 ट्रैक्टरों से 3-3 हजार रूपये प्रति ट्रैक्टर के हिसाब से 15 हजार रूपये प्रतिमाह की रिश्वत देने की बात कर रहे थे। संबंधित व्यक्ति 10 हजार रूपये देकर 5 हजार बाद मे देने की बात करता है। इस बातचीत का वीडियो बनाकर अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद एसपी ने टीआई और प्रधानआरक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी की जायेगी। जिसके बाद आगे की कार्यवाही होगी। मामले पर एएसपी सत्येन्द्रसिंह तोमर ने बताया है कि ट्रैफिक थाना प्रभारी और हैड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। मामले की जांच की जायेगी और इसके बाद आगे की कार्यवाही होगी।





