BJP सांसद के ऑफिस पर प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की

मुरैना. MP के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर दिये गये विवादित ’’घंटा‘‘ बयान के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्त्ता बीजेपी सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के ऑफिस का घेराव करने पहुंचे। लेकिन पुलिस ने पहले ही अलर्ट मोड में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। सांसद कार्यालय तक नहीं पहुंच सके कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्त्ता सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के ऑफिस का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने सांसद बंगले से पहले ही बैरिकेड लगातार प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकता्रओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई है।
सड़क पर बैठकर बजाया घंटा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर ही बैठ गये और घंटा बजाकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान का विरोध किया। इस बीच कार्यकर्ताओं ने मंत्री को घंटा मंत्री कहकर संबोधित किया। स्थिति को काबू करने के लिये पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासतमें लिया। सभी को पुलिसलाइन ले जाकर कुछ देर के बाद छोड़ दिया गया।
कांग्रेस का आरोप और चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर ने कहा कि इंदौर, जिसे आठ बार स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार मिला है, वहां दूषित पानी से मौतें होना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में मंत्री का बयान असंवेदनशील है।कांग्रेस ने मांग की है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लिया जाए।कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 11 जनवरी के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

