ATM कार्ड बदलकर वृद्ध के साथ 55 हजार रूपये की ठगी
ग्वालियर. डबरा स्थित सिटी थाना क्षेत्र के कटारियों चौराहे पर एक वृद्ध के साथ एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला संज्ञान आया है। अज्ञात ठग ने वृद्ध के खाते से 55 हजार रूपये निकाल लिये गये। पुलिस ने मामले में अपरोध दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
क्या है मामला
गौतम विहार कॉलोनी निवासी राम लखन शर्मा उम्र 72 साल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया, ‘घटना बीती 6 सितंबर की है। मेरा भारतीय स्टेट बैंक की नरवर शाखा जिला शिवपुरी में खाता है। जिसका एटीएम कार्ड लेकर मैं डबरा नगर के कटारिया चौराहा स्थित एसबीआई के एटीएम पर 10 हजार रुपए निकालने गया था। जब मैंने पैसे निकालने के लिए मशीन में एटीएम कार्ड लगाया तो रुपए नहीं निकल रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति आया जिसे मैं वैसे नहीं जानता था। उसने मुझसे कहा मैं मदद कर देता हूं। मैंने कार्ड उस व्यक्ति को दे दिया। उसने कार्ड मशीन में डालकर मुझे वापस कर दिया और कहा कि पैसे नहीं निकल रहे। मैं घर की ओर जाने लगा जैसे ही मैं अंबेडकर चौराहे पर आया तो मेरे मोबाइल नंबर पर ₹10 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। उसके तुरंत बाद जब मैंने अपनी जेब से एटीएम कार्ड निकाल कर देखा तो वह एटीएम मेरा नहीं था। उस एटीएम पर यशुदास बालन लिखा हुआ था। उसके बाद देखते ही देखते लगभग 55 हजार रुपए निकल गए।’
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
पीडि़त ने आगे बताया तत्काल नगर के सुभाषगंज स्थित स्टेट बैंक की कन्या विद्यालय स्थित शाखा पर पहुंचा और एटीएम कार्ड को बन्द करवाया। तब तक मेरे खाते से 55 हजार रूपये निकल चुके थे। मामले में पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच की तो घटनाक्रम सही होना पाया गया जिसके आधार पर शनिवार को एफआईआर दर्ज कर ली गयी। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया है कि वृद्ध के साथ एटीएम कार्ड बदलकर करीब 55 हजार रूपये की ठगी हुई है। जांच के बाद मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज भी चेक किये जा रहे है।

