संसद सत्र में इस बार नहीं होगा प्रश्नकाल
नई दिल्ली. संसद के आगामी मानसून सत्र में न तो प्रशन काल होगा और न ही गैर सरकारी विधेयक लाए जा सकेंगे। कोरोना महामारी के इस दौर में पैदा हुई असाधारण परिस्थितियों का हवाला देते हुए शून्य काल को भी सीमित कर दिया गया है। प्रशन काल के निलंबन से कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस ओर भाकपा सहित कई विपक्षी दल के नेताओं ने संसद को एक नोटिस बोर्ड बनाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए है। सरकार के फैसले की आलोचना करते हुए इन दलों ने कहा कि सरकार कोरोना महामारी के नाम पर लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है।
सदन की कार्यवाही में बदलाव
लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों सदनों की कार्यवाही अलग-अलग पालियों में सुबह 9 बजे से 1 बजे तक और 3 बजे से 7 बजे तक चलेगी। शनिवार और रविवार को भी संसद की कार्यवाही जारी रहेगी। संसद सत्र की शुरूआत 14 सितम्बर को होगी और इसका समापन 1 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

