सीमा विवाद पर भारत और चीन के बीच निर्णायक संवाद, कमाण्डर स्तर पर बातचीत जारी
नई दिल्ली. सीमा विवाद को सुलझाने के लिये भारत और चीन के बीच कोर कमाण्डर स्तर की बातचीत शनिवार की सुबह करीब 9 बजे लद्दाख में चुशूल के पास चीन की सीमा में मोल्दो में शुरू हो गयी। भारतीय सैनिक दल का नेतृत्व लेह स्थित 14वीं कोर के कमाण्डर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पेंगांग झील के मुद्दे पर भारत एक इंच भी झुकने के लिये तैयार नहीं हैं।
भारत और चीन के सैनिक एक माह से आमने-सामने
एक माह से लद्दाख में भारत और चीन के सैनिक एक दूसरे के सामने डटे हुए हैं। इस तनाव को दोनों देशों के बीच 2017में डोकलाम की घटना के बाद सबसे बड़ा सैनिक तनाव माना जा रहा है। गलवान घाटी में चीनी सैनिक एलएसी से आगे आ गयेऔर साथ ही आसपास की पहाडि़यों पर भी उन्होंने अधिकार कर लिया। यहां भारत की ओर से अपने इलाके में बनाई जा रही सड़क और पुल को चीनियों ने अपने आक्रामक रवैय का बहाना बना लिया। इसी तरह हॉट स्प्रिंग में भी चीनी सैनिकों ने आगे आकर मोर्चाबन्दी कर ली हैं।
भारतीय और चीनी सैनिंक फिंगर 4 के पास एक दूसरे के सामने बैठे
चीन के सैनिक लद्दाख में पेंगांग झील के फिंगर 4 तक आ गये जहां भारतीय सैनिकों के साथ उनका टकराव हुआ। यहां भारतीय दावा फिंगर 8 तक का है जहां भारतीय सैनिक गश्त के लिये जाते थे। चीन ने यहां कारगिल संघर्ष के दौरान फिंगर 5 तक सड़क बना ली जबकि भारत की सड़क फिंगर 3 तक जाती है। चीन फिंगर 2 तक अपना दावा करता है। इस समय भारतीय और चीनी सैनिंक फिंगर 4 के पास एक दूसरे के सामने बैठे हुए हैं।

