शिमला-मनाली में NEW YEAR प्रोग्राम रोका
शिमला. हिमाचल प्रदेश में नए साल का जश्न मनाने के लिए शुक्रवार को हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान और मनाली का माल रोड जिला प्रशासन ने खाली करवा दिया। इस दौरान मनाली में भीड़ में धक्का-मुक्की भी हुई। शाम 7.30 बजे नए साल के जश्न के लिए सैलानियों का सैलाब शिमला में उमड़ पड़ा। मैदान पर्यटकों से पूरी तरह भर गया। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने रिज मैदान को खाली करने के लिए आदेश दिए इसके बाद पुलिस ने मैदान को खाली करवाया और सैलानियों से कहा कि वे यहां सुबह घूम सकते है। मैदान में भारी पुलिस बल तैनात कर किया गया है।
मनाली में रात 8 बजे ही बंद हुआ कार्यक्रम
पर्यटन नगरी मनाली में माल रोड पर प्रशासन ने पर्यटकों के मनोरंजन के लिए मंच सजा रखा था, लेकिन इस मंच को रात 8 बजे से पहले ही बंद करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, जब माल पर लगे इस मंच से कार्यक्रम शुरू हुए तो वहां देश के कोने-कोने से आए पर्यटकों ने मंच पर चढ़ कर हुड़दंग मचाना शुरू किया। जिस कारण यहां अव्यवस्था का माहौल पैदा हो गया। माहौल इतना बिगड़ गया कि भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कानून व्यवस्था बिगड़ती देख प्रशासन को मंच समेटना पड़ा। हालांकि मनाली मॉल रोड पर पुलिस फोर्स बुलाई उसके बाद फिर से कड़ी सुरक्षा में कार्यक्रम शुरू संबंधी निर्णय लिया गया।

