अंतत हरीश राणा अलविदा, पिता का मैसेज देख भावुक हो गये लोग

गाजियाबाद. कभी जिंदगी से भरे सपनों के साथ इंजीनियरिंग की पढाई करने निकले हरीश राणा की सांसें मंगलवार को गहरे सन्नाटे में बदल गयी। 13 वर्षो तक कोमा में रहने के बाद हरीश ने आखिरकार दुनिया को अलविदा कर दिया। बुधवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। उनके जाने की खबर से पिता अशोक राणा ने जैसे सोसाइटी के व्हाट्एप ग्रुप में जैसे ही मैसेज डाला तो लोगों की आंखें भर आयी। उन्होंने लिखा कि सुबह 9 बजे पार्थिव शरीर (हरीश राणा जी) का अंतिम संस्कार ग्रीन पार्क, साउथ दिल्ली में किया जायेगा।
13 वर्षो की खामोशी का अंत
हरीश 2013 में हॉस्टल के 4वीं मंजिल से नीचे गिरने केबाद कोमा में चले गये थे ।तब से लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। ऐसा बताया जाता है कि पंजाब विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहे हरीश राणा चौथी मंजिल से गिर गये थे। सिर में गंभीर चोट लगी। इसके बाद उनकी जिन्दगी अस्पताल और मशीनों के बीच सिमट कर रहे गये। समय बीतता गया, लेकिन होश कभी वापिस नहीं आया। परिवार के लिये यह इंतजार धीरे-धीरे एक अंतहीन पीड़ा में बदलता गया।
पिता का संदेश देख भावुक हो गए लोग
हरीश राणा के निधन के बाद उनके पिता अशोक राणा का वह छोटा-सा संदेश लोगों के दिलों को चीर गया। सोशल मीडिया पर भी इस संदेश को लेकर लोगों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. कई लोगों ने लिखा कि कभी-कभी सबसे छोटे शब्द सबसे गहरे दर्द को बयां कर जाते हैं । एम्स ने भी हरीश राणा के निधन की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया. संस्थान के अनुसार, हरीश राणा का 24 मार्च 2026 को शाम 4:10 बजे निधन हुआ। वे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में थे और पूरी प्रक्रिया मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार की गई. एम्स ने इस कठिन समय में उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की ।

