Newsमप्र छत्तीसगढ़

मोगिया गैंग की महिला चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, हीरे की अंगूठिया भी बरामद, घटना को अंजाम देने के बाद पंजाब भागी

CCTV में बाइक पर भागती महिला चोर करीना और उसका पति अर्जुन मोगिया।

ग्वालियर. पड़ाव थाना पुलिस ने ‘‘मोगिया गैंग’’ की एक आरोपी महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गैंग ई-रिक्शा, ऑटो और टमटम जैसे सार्वजनिक परिवहन में सफर कर यात्रियों को निशाना बनाती थी। पुलिस ने महिला के पास से चोरी की गयी हीरे की अंगूठिया भी बरामद की है।
यह गिरफ्तारी 8 मार्च को हुई एक घटना के बाद हुई। सेवानगर निवासी छाया यादव 45, अपनी बहन और जेठानी सुधा यादव के साथ सराफा बाजार जा रही थी। रास्ते में एक युवती उनके ई-रिक्शा में बैठ गयी। चर्चा के दौरान उसने मौका पाकर सुधा यादव के पर्स से छोटा पाउच निकाल लिया, जिसमें हीरे की 2 अंगूठियां थी।
चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद महिला जीडीए कार्यालय के पास उतरकर फरार हो गयी थी। कुछ देर के बाद पर्स चेक करने पर चोरी का पता चला और पड़ाव थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो फुटेज से पता चला कि ई-रिक्शा के पीछे एक बाइक भी चल रही थी। जिस पर बैठकर महिला घटना के बाद भाग गयी थी।
पुलिस महिला चोर से कर रही पूछताछ
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि पड़ाव पुलिस ने बीते दिनों टमटम में सवार महिला के बैग से हीरे की दो अंगूठियां चोरी करने वाली मोगिया गैंग की एक महिला चोर को गिरफ्तार किया है, और घटना में शामिल अभी उसका पति फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। महिला चोर की गिरफ्तारी घटनास्थल पर लगे CCTV पुटेज के आधार पर हुई थी, उसी के आधार पर पुलिस मुरैना पहुंची थी। उसके साथी की गिरफ्तारी के बाद में उसे पंजाब से गिरफ्तार करके ग्वालियर लाया गया है। उसने कई चोरी की वारदात करना कबूल किया है। उससे पूछताछ की जा रही है संभवत: कई और चोरियों का खुलासा हो सकता है।
मूलत: मुरैना जिले की रहने वाली है महिला चोर
पुलिस ने पड़ाव से किला गेट, तिघरा, सागरताल होते हुए मुरैना तक महिला का पीछा किया और जौरा गांव से उसके एक साथी को पकड़ा। पूछताछ में साथी ने बताया कि महिला अक्सर वारदात के बाद पंजाब भाग जाती है और उस समय भी वह पंजाब में ही मौजूद थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम पंजाब पहुंची और वहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई।पकड़ी गई महिला चोर की पहचान मुरैना निवासी करीना (20) के रूप में हुई है। उसका पति अर्जुन मोगिया (25) अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। करीना ने पूछताछ में ‘मोगिया गैंग’ से जुड़े होने और कोतवाली, हजीरा, गोला का मंदिर, मुरैना और पड़ाव सहित पांच चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *