ग्वालियर में सेना की भर्ती रैली कराने की तैयारी, अग्निवीर के 1800 पद के लिये नोटिफिकेशन जल्द
ग्वालियर. सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे ग्वालियर-चम्बल संभाग के युवाओं के लिये अहम खबर है। सेना इस बार भर्ती का दायरा बढ़ाने जा रही है। लगभग 1 लाख खाली पदों को भरने के टारगेट के तहत 2026 की भर्ती प्रक्रिया में चम्बल अंचल के लिये वैकेंसी करीब दोगुनी कर 1800 तक की जा सकती है। वर्ष 2024 में यह संख्या 832 थी।
भर्ती प्रक्रिया फरवरी में शुरू होने की संभावना है। इसका नोटिफिकेशन एक सप्ताह के अन्दर जारी हो सकता है। सेना इस बार भर्ती रैली शिवपुरी या सागर के बाजय ग्वालियर में कराने के मूड में है।इसके लिये सेना के ऑफिसर शासन स्तर पर बातचीत करेंगे।
पिछले वर्ष ग्वालियर प्रशासन की तरफ से समय पर सहमति नहीं मिलने की वजह से भर्ती रैली शिवपुरी शिफ्ट करनी पड़ी थी। सेना के आंकड़े बताते हैं कि ग्वालियर -चम्बल अंचल के युवाओं में फौज के प्रति जबरदस्त रूझान है। 2025-26 की भर्ती में कुल 1716 युवाओं का चयन हुआ। जिनमें से भिंड, मुरैना और ग्वालियर 1143 युवा शामिल हुए थे। जबकि शेष 7 जिलों से केवल 573 युवाओं का चयन हो सका। सेना का मानना है कि यदि भर्ती ग्वालियर में होती है तो पंजीयन और फिट युवाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। वहीं कलेक्टर रूचिका चौहान ने कहा है कि प्रस्ताव मिलने पर शासन को भेजकर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
शासन स्तर पर बात करेंगे
2026-27 के लिए नोटिफिकेशन इसी महीने जारी होगा। इस बार पद ज्यादा हैं, इसलिए हमारी कोशिश है कि भर्ती ग्वालियर में ही हो ताकि अधिक से अधिक युवाओं को मौका मिले। हम शासन स्तर पर बात करेंगे।
कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय

