कोरोना की वजह से नागरिकता कानून में देरी हुई, अब इसे जल्द लागू किया जाएगा- जेपी नड्डा
नई दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से नागरिकता संशोधन कानून में देरी हुई, उन्होंने कहा कि इसे जल्द लागू किया जाएगा। जेपी नड्डा उत्तर बंगाल के सोशल ग्रुप से बातचीत कर रहे थे इसी दौरान जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार पश्चिम बंगाल में बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है। यहां की सरकार ममता की पार्टी का मकसद पूरा करने के लिए काम कर रही है जबकि दूसरी ओर भाजपा सरकार सभी के विकास के लिए काम कर रही है।
सभी लोगों को नागरिकता बिल का लाभ बहुत जल्द मिलेगा
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि सभी लोगों को नागरिकता बिल का लाभ बहुत जल्द मिलेगा। हमने इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। यह बिल अब संसद से पास हो चुका है। कोविड महामारी के इसको लागू होने में देरी हुई पर अब धीरे-धीरे हालात सुधर रहे है। अब नागरिकता कानून पर काम शुरू हो गया है और नियम बनाए जा रहे हैं। यह जल्द ही लागू किया जाएगा।
2021 में भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी
वहीं जेपी नड्डा ने विश्वास जताया कि 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा बंगाल में सरकार बनाएगी। राज्य के लोग यहां की तृणमूल सरकार की हिंसा और कट-मनी कल्चर से परेशान हो चुके हैं। जेपी नड्डा यहां पर विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में एक दिन के दौरे पर पहुंचे और पार्टी के मसलों पर बातचीत की। उन्होंने भाजपा नेताओं, सोशल ग्रुप्स और धार्मिक संगठनों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

