कमलनाथ और अजय सिंह पर हरिजन एक्ट नहीं लगा तो जान दे दूंगी- इमरती देवी
ग्वालियर. डबरा में चुनावी सभा में कमलनाथ की अशोभनीय टिप्पणी के बाद ग्वालियर-चंबल में दिनभर राजनीति गरमाई रही। भाजपा प्रत्याशी व मंत्री इमरती देवी ने कमलनाथ पर जमकर हमला बोला। डबरा में इमरती देवी बात करते-करते वह इतनी उद्वेलित हो गई कि रो पड़ीं। इमरती देवी ने कमलनाथ को कभी कलंकनाथ कहा तो कभी राक्षस से तुलना की। उन्होंने आगे कहा कि अगर कमलनाथ और अजय सिंह पर हरिजन एक्ट नहीं लगा तो जान दे दूंगी।
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद पागल हो गया
इमरती देवी ने कहा कि एक अजा महिला से इस तरह बोलना ठीक नहीं है। वो बंगाली आदमी है उसे बोलने की सभ्यता नहीं है। मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद पागल हो गया है। वो क्या है हम सब जानते है। इमरती देवी ने कहा कि मुझ पर जो अशोभनीय बात कही है, यह टिप्पणी उनके स्वजन के लिए होगी। ये मध्य प्रदेश है यहां महिलाओं की पूजा होती है।
राष्ट्रीय महिला आयोग देगा नोटिस
कमलनाथ के बयान को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि वे कांग्रेस नेता को नोटिस जारी करेंगी। वे इस मामले में चुनाव आयोग को भी जानकारी दे रही है।
कमलनाथ की टिप्पणी को लेकर बसपा ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने मामले में कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए महिला के अपमान पर माफी मांगने को कहा है। उन्होंने महिलाओं का अपमान रोकने और कांग्रेस को इस बारे में सबक सिखाने के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों से अपील की कि वे बसपा का साथ दें।

