हवलदार ने 250 के लिए युवक को पीटा, स्कूटर वर्कशॉप के कर्मचारी को गिराकर लातें मारी
भोपाल. प्रधान आरक्षक (हवलदार) राम अवतार धाकड़ ने एक स्कूटर के सर्विस सेंटर के बाहर कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की। उसे जमीन पर गिराकर लातें मारीं। उसके साथ पांच और पुलिसकर्मी मौजूद थे। किसी ने भी युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया। घटना शनिवार शाम की है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। हवलदार स्कूटर में तत्काल काम कराने की बात पर अड़ा था। महज ढाई सौ रुपए का गाड़ी में काम होना था, लेकिन वह पैसा नहीं देना चाहता था। उसने कर्मचारियों से स्कूटर में इंश्योरेंस से काम कराने की बात कही थी। डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं हवलदार राम अवतार धाकड़ को सस्पेंड कर दिया गया है।

ब्रेक लिवर का पैसा नहीं देना चाहते थे
नारायण नगर में सर्विस सेंटर में सचिन कुमार कुशवाह बतौर सर्विस एडवाइजर काम करते हैं। इसमें आज शाम को करीब सवा चार बजे वर्दी में एक पुलिसकर्मी पहुंचा, जिसने अपना परिचय राम अवतार धाकड़ के रूप में दिया। उसने स्वयं को बैरागढ़ थाने में पदस्थ होना बताया। साथ ही स्कूटर का ब्रेक लिवर तत्काल बदलकर देने की बात कही। सचिन ने उन्हें लिवर के पैसे चुकाने की बात कही, जिसकी कीमत 250 रुपए थी।
पुलिसकर्मी इस बात पर नाराज हो गया, उसने पैसा देने से मना कर दिया। इंश्योरेंस से काम कराने की बात कही। इस पर सचिन ने उसे इंश्योरेंस से काम कराने के लिए हामी भरी, लेकिन गाड़ी छोड़कर जाने और पूरी प्रक्रिया के बाद क्लेम सेटल होने में करीब एक सप्ताह लग जाने की जानकारी दी।

