मप्र में 25 सीटों पर कांग्रेस से आए नेता ही लड़ेंगे चुनाव- शिवराज सिंह
भोपाल. भाजपा प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा एक-दो दिन में कर देगी। प्रदेश स्तर पर टिकट को लेकर चर्चा होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नई दिल्ली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लिया। समिति में बिहार के साथ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्य, जहां उपचुनाव होने है वहां के मामलों पर भी विचार किया गया।
उधर दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी मुलाकात की। जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई 25 सीटों पर पूर्व विधायकों को ही भाजपा प्रत्याशी बनाएगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 22 कांग्रेस के विधायक भाजपा में आए थे। तीन अन्य विधायकों ने बाद में इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। पार्टी नेता विभिन्न मंचों से इन सभी को फिर से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर चुके है।
बताया जा रहा है कि संगठन सभी नेताओं को यह स्पष्ट कर चुका है कि टिकट को लेकर बहुत अधिक मंथन की गुंजाइश नहीं है। यही वजह है कि अधिकांश जगह विरोध के स्वर भी थम चुके है। जौरा से पार्टी फिर सूबेदार सिंह और ब्यापरा विधानसभा सीट से नारायण सिंह पंवार पर दांव लगाने की तैयारी में है और आगर से मनोज ऊंटवाल को मैदान में उतारा जाएगा।

