8 साल बाद श्रीलंका बना एशिया का चैंपियन
दुबई. एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हरा दिया। टीम 2014 के बाद पहली बार इस मेगा टूर्नामेंट की चैंपियन बनी है। यह श्रीलंका का छठवां टाइटल है। इससे पहले उसने 2014, 2008, 2004, 1997,1986 में यह खिताब जीता था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 145 रन पर ऑल-आउट हो गई। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट प्रमोद मदुशन ने लिए। वहीं, वानिंदु हसरंगा को 3 सफलता मिली। ये तीनों विकेट 17वें ओवर में आए और यहीं से मैच बदल गया। उन्होंने रिजवान, आसिफ अली और खुशदिल शाह को आउट किया।
पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 55 रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए। वहीं, श्रीलंका की ओर से भानुका राजपक्षे ने 45 गेंद पर 71 रन की पारी खेली। हसरंगा ने सिर्फ 21 गेंद में शानदार 36 रन बना दिए। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट हारिस रऊफ ने लिए। वहीं, शादाब खान, नसीम शाह और इफ्तिखार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
पिछले मैच में श्रीलंका ने दी थी पाकिस्तान को मात
श्रीलंका ने एशिया कप के सुपर-4 का आखिरी मुकाबला 5 विकेट से जीता था। मैच में श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.1 में सभी विकेट खोकर 121 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए थे। वहीं, श्रीलंका की ओवर से वानिंदु हसरंगा ने तीन विकेट झटके थे। महीष तीक्ष्णा और प्रमोद मधुशंका ने अपने नाम 2-2 विकेट किए।जवाब में श्रीलंका ने 17 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। श्रीलंका की ओर से पाथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 55 रन की पारी खेली। वह नाबाद पवेलियन लौटे थे।

