गुढा-गुढी रिटेनिंग वॉल घटना की जांच के लिये 4 सदस्यीय समिति गठित, 7 दिवस में आयुक्त को सौंपेंगे रिपोर्ट, 3 अधिकारियों को नोटिस

ग्वालियर. गुढा-गुड़ी का नाका स्थित मुक्तिधाम के पास बाउंड्रीवॉल गिरने से एक महिला की मौत और 2 लोगों के घायल होने के मामले में नगर निगम प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। निगमायुक्त संघ प्रिय ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जांच के लिये चार समिति सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति को 7 दिन के अन्दर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिये है।
समिति में अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, नगर निवेशक सुरेश अहिरवार, प्रभारी सहायक यंत्री राजीव सोनी और प्रभारी कार्यालय अधीक्षक (जनकार्य) राजीव जयसवाल को शामिल किया है। समिति घटनास्थल निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, तकनकी मानकों और पूरी निर्माण प्रक्रिया की जांच करेगी।
जांच रिपोर्ट के आधार कार्यवाही होगी
जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाये जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों या संबंधित एजेंसी के खिलाफ विभागीय और वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
कारण बताओ नोटिस जारी
इधर, प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर नगर निगम ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। वार्ड क्रमांक-55 के सहायक यंत्री राकेश कुशवाहा, तत्कालीन उपयंत्री बृजेश राजपूत और प्रभारी क्षेत्राधिकारी अनिल श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को लेकर जवाब मांगा गया है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्माण में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

