3 पुलिसकर्मियों ने ही पुलिसवालों के नाम पर ठगे 15 लाख रूपये, तीनों पुलिसकर्मी फरार
भोपाल. मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय (PHQ) में मेडीकल शाखा के अधिकारियों ने फर्जी बिल बनाकर 15 लाख रूपये हड़प लिये हैं। आरोपियों में प्रभारी ASI हर्ष वानखेडे, कैशियर सूबेदार नीरज कुमार और सहायक स्टाफ HC राजपाल ठाकुर शामिल है। FIR दर्ज होते ही 3 आरोपी कार्यालय से ही फरार हो गये है। घोटाला पुलिस ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (PTRI) के 25 कर्मचारियों के नाम पर अंजाम दिया गया है।
फर्जी मेडीकल बिल लगाकर हड़पी राशि
टीआई सीबी राठौर ने बताया है पीटीआरआई के कर्मचारियों ने फरवरी 2025 में आवेदन देकर मामले की जानकारी सीनियर अधिकारियों को दी थी। जांच में खुलासा हुआ कि एएसआई हर्ष वानखेड़े, सूबेदार नीरज कुमार और हेड कांस्टेबल राजपाल ठाकुर ने 2023 से जुलाई 225 के बीच फर्जी मेडीकल बिल पास कर सरकारी राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराई है। डीएसपी ओपी मिश्रा ने कार्यवाही के लिये प्रतिवेदन मंगलवार को सौंपा था। इसके आधार पर बुधवार को जहांगीराबाद पुलिस ने कूट रचित दस्तावेज और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आपको बता दें कि फरवरी माह में ही तीनों आरोपियों को निलंबित कर दिया गया था।
फोन करके एकाउंट में राशि ट्रांसफर करवाते थे
पुलिस जांच में यह पाया गया है कि आरोपी पहले पीटीआईआर कर्मचारियों के नाम से मेडीकल बिल पास कराते थे। इसकी राशि कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में ही जमा होती थी। इसके तत्काल बाद आरोपियों में से एक नीरजकुमार, पीटीआरआई कर्मचारियों को काल कर बताता था कि मेडीकल शाखा की गलती से यह राशि आपके बैंक खाते में पहुंच गयी है। यह झांसा देकर आरोपी अपने खातों में रकम ट्रांसफर करा लेते थे। नीरज ने कुछ ही दिनों में एक-एक करके कई कर्मचारियों को कॉल किया। इस पर उनको शक हुआ, जिसके बाद वह सीनियर अधिकारी के पास शिकायत करने पहुंचे।

