24 घंटे में कोरोना के 268 नए केस, क्या जनवरी में आएगी चौथी लहर
नई दिल्ली. कोरोना महामारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। भारत में अभी हालात काबू में हैं, लेकिन सरकारें कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। ताजा खबर उत्तराखंड से है। यहां सभी निजी और सरकारी स्कूलों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। मास्क के साथ ही स्कूल में प्रवेश करते समय सेनेटाइजर का इस्तेमाल अनिवार्य किया गया है। इसके लिए स्कूलों से जरूरी बंदोबस्त करने को कहा गया है। यहां पढ़िए कोरोना महामारी से जुड़़े आज के बड़े अपडेट
भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना महामारी के 268 नए मरीज सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 29 दिसंबर को यह जानकारी दी। कुल रिकवरी दर लगभग 98.80 प्रतिशत पर पहुंच गई। महामारी को मात देने वाली मरीजों की संख्या 4,41,43,665 हो गई है। अभी देश में 3,552 सक्रिय मरीज हैं। इससे पहले कर्नाटक के स्कूलों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। कर्नाटक सरकार ने सोमवार को राज्य में कोविड-19 की उभरती स्थिति से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया। साथ ही नए साल का जश्न मनाने की गाइडलाइन भी जारी कर दी गई। इस संबंध में राजस्व मंत्री आर. अशोक ने स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया, लोगों के हित में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। हालांकि मास्क नहीं पहनने पर फिलहाल जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।

