चेंबर ऑफ कॉमर्स-व्हाइट हाउस के विरोध के बावजूद दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित प्रवीण अग्रवाल, रात 2 बजे तक चली मतगणना
ग्वालियर. मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव में इस बार कारोबारियों ने केवल पदाधिकारी नहीं चुने, बल्कि चेंबर की सियासत के नए समीकरण भी तय कर दिए। वर्षों से आमने-सामने रहने वाले व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच हुए मुकाबले में इस बार सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद पर देखने को मिला, जहां व्हाइट हाउस से टिकट नहीं मिलने पर बागी हुए डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने निर्दलीय चुनाव लड़कर व्हाइट हाउस के पारस जैन को 635 बोट से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। चुनाव में कुल 3437 मतदाताओं में से 3189 व्यापारियों ने मतदान किया। 92.78% मतदान के साथ यह हाल के वर्षों के सबसे अधिक मतदान वाले चुनावों में शामिल रहा। 6 प्रमुख पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में थे। पांच पदों पर व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जबकि संयुक्त अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के कारण मुकाबला त्रिकोणीय रहा। व्हाइट हाउस ने मानसेवी सचिव पद पर दीपक अग्रवाल, संयुक्त सचिव पद पर दीपक पमनानी और कोषाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल को जिताकर तीन पद अपने नाम किए। वहीं क्रिएटिव हाउस ने संयुक्त अध्यक्ष पद पर सुरेश बंसल और उपाध्यक्ष पद पर संदीप नारायण अग्रवाल की जीत के साथ दो महत्वपूर्ण पद हासिल किए।

प्रवीण अग्रवाल ने व्हाइट हाउस के भारी विरोध के खिलाफ जीत दर्ज की
यह चुनाव मैं नहीं लड़ रहा था, पूरा व्यापारी समाज लड़ रहा था। मैं चेहरा मात्र था। हाउस के अंदर जो तानाशाही चलती है और कुछ परिवार बैठकर चेंबर का भविष्य कौन होगा। इस बार ग्वालियर-चंबल संभाग के व्यापारियों ने उनके मंसूबे ध्वस्त कर दिए।
पिछले चुनाव में विवाद को देखते हुए प्रत्याशी और उनके समर्थकों से मोबाइल जप्त कराए
पिछले चुनाव में हुए विवाद को देखते हुए इस बार ज्यादा सख्ती की गई। इसलिए निर्वाचन अधिकारी से लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थकों के अंदर जाने पर मोबाइल जप्त करा लिए थे। मतदान के बाद बाहर आने पर उन्हें लौटाए।
देर रात नतीजों की घोषणा के साथ ही आतिशबाजी हुई
चुनाव में 39 समूहों के लिए इस बार 221 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जबकि 14 समूहों में 30 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। दिनभर दोनों हाउस के प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदान की अपील करते रहे। देर रात नतीजों की घोषणा के साथ ही आतिशबाजी हुई।
व्हाइट हाउस ने संयुक्त सचिव, मानसेवी सचिव, कोषाध्यक्ष और क्रिएटिव ने जीते संयुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद
अध्यक्ष जीते- डॉ. प्रवीण आम्रवाल (1896) हारे-पारस जैन (1279)
मानसेवी सचिव जीते-दीपक अग्रवाल हारे-राकेश अग्रवाल
संयुक्त अध्यक्ष जीते- सुरेश बंसल हारे-डॉ. विनोद जैन
जीत के बाद समर्थकों से घिरे डॉ. प्रवीण अग्रवाल। दूसरे चित्र में मतदान केंद्र पर समर्थन मांगते विभिन्न हाउस के प्रत्याशी।
संयुक्त सचिव जीते-दीपक पमनानी हारे-राकेश अग्रवाल
उपाध्यक्ष जीते-संदीप नारायण अग्रवाल हारे-सुनील अग्रवाल
कोषाध्यक्ष जीते-मनोज अग्रवाल हारे-अजय गोयल
3437 मतदाताओं में से 3189 ने डाले वोट
39 समूह के लिए 221 प्रत्याशी ने चुनाव लड़ा
06 पदों के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में थे

