रात 2.15 बजे 2 एटीएम तोड़ने का प्रयास, सायरन की आवाज से भागा बदमाश, घटना सीसीटीवी में हुई कैद

ग्वालियर. आपराधिक घटनायें रूकने का नाम नहीं ले रही है। बहोड़ापुर थाना इलाके के आनंद नगर में शुक्रवार की देर रात को एक नकाबपोश बदमाश ने 2 एटीएम को टारगेट कर लूटने की कोशिश की थी। पहले उसने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम में घुसकर मशीन तोड़ने का प्रयास किया। लगभग 5 मिनट त कवह मशीन से छेड़छाड़ करता रहा। लेकिन इसी बीच पुलिस गश्ती वाहन का सायरन सुनकर घटनास्थल से भाग गया। इसके कुछ देर बाद पास ही स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में भी तोड़फोड का प्रयास किया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना रात 2.15 बजे एटीएम में घुसा बदमाश
घटना शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि में रात को लगभग 2.15 बजे की बताई गयी है। नकाबपोश बदमाश आनंद नगर स्थित एसबीआई के एटीएम में घुसा।शुरूआत में उसने एटीएम से सामान्य तरीके से पैसे निकालने का प्रयास किया। जब पैसे नहीं निकले तो उसने साथ लाये हथियार से मशीन का लॉक तोड़ने और उसने उखाड़ने की कोशिश की। बदमाश लगभग 5 मिनट तक एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करता रहा और इस बीच एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गयी।
नकाबपोश बदमाश की तलाश में पुलिस
बदमाश मशीन तोड़ने की कोशिश कर ही रहा था, तभी सड़क से गुजर रहे पुलिस गश्ती वाहन का सायरन बजा। आवाज सुनते ही बदमाश घबरा गया और पुलिस के पहुंचने के डर से मशीन को वहीं छोड़कर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने के बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ दूरी पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में भी इसी तरह तोड़फोड़ और लूट का प्रयास किया गया है।
पुलिस को SBI एटीएम के अंदर लगे CCTV कैमरे से बदमाश का फुटेज मिला है। करीब 15 मिनट के फुटेज में वह एटीएम मशीन को तोड़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि आनंद नगर स्थित SBI एटीएम में तोड़फोड़ का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की बात पुलिस ने कही है।

