ई-चार्जिंग स्टेशन, सीएनजी प्लांट, एबीसी सेंटर, आईएसबीटी, वेस्ट टू वंडर पार्क एवं चिड़ियाघर का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण
ग्वालियर। शनिवार को नगर निगम द्वारा संचालित एवं निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों तथा महत्वपूर्ण परियोजनाओं का नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने सभी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं बेहतर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
रमउआ स्थित निर्माणाधीन ई-चार्जिंग बस स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने चार्जिंग स्टेशन की निर्माण एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने चार्जिंग स्टेशन के पीछे नगर निगम द्वारा चलाए गए पौधारोपण अभियान का अवलोकन किया। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निगमायुक्त ने रमउआ डैम पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रस्तावित एवं किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए स्थल को और अधिक आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एबीसी सेंटर पर ली डॉग के वैक्सीनेशन की जानकारी
बिरला नगर पुल के नीचे संचालित एबीसी डॉग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए इसकी क्षमता, प्रतिदिन किए जाने वाले वैक्सीनेशन तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने लक्ष्मीगंज स्थित दूसरे एबीसी सेंटर की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की और दोनों केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईएसबीटी पर कैसे पहुंचे बसे, इसके लिए अधिकारी करें कार्रवाई
आईएसबीटी बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने बस स्टैंड से बसों का नियमित संचालन नहीं होने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली तथा बसों का संचालन यहां से सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आईएसबीटी परिसर में निर्माणाधीन पीएम ई-बस चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
वेस्ट टू वंडर पार्क को करें और विकसित
उरवाई गेट स्थित वेस्ट टू वंडर पार्क का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं संभावनाओं की जानकारी ली तथा पार्क को और अधिक विस्तारित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां बटरफ्लाई पार्क विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि शहरवासियों एवं पर्यटकों के लिए यह स्थल और अधिक आकर्षण का केंद्र बन सके।
चिड़ियाघर में कार्यों को शीघ्र करें पूर्ण
निगमायुक्त श्री चौधरी ने फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) का अवलोकन किया। उन्होंने वन्य प्राणियों की व्यवस्थाओं एवं उनके रख-रखाव के संबंध में जानकारी ली। साथ ही चिड़ियाघर में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों, जिनमें नवीन एंट्रेंस गेट, फिश एक्वेरियम एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं, को लेकर अधिकारियों से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी परियोजनाओं में कार्य की गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराते हुए शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण को और गति प्रदान की जाए।

