Newsमप्र छत्तीसगढ़

जल गंगा संवर्धन अभियान- ग्वालियर में भी गुड़ी पड़वा 19 मार्च से शुरू होगा जल की बूंद-बूंद सहेजने का अभियान 

भदावना धाम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 
ग्वालियर – भारतीय नववर्ष प्रतिपदा (गुड़ी पड़वा) 19 मार्च के शुभ अवसर पर तीसरा “जल गंगा संवर्धन अभियान-2026” शुरू होगा। जल की बूंद-बूंद सहेजने के लिये 30 जून अर्थात 100 दिनों तक अनवरत् रूप से यह अभियान चलेगा। जनता, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों एवं शासकीय विभागों के समन्वय व सक्रिय भागीदारी से यह अभियान चलाया जायेगा। गुड़ी पड़वा पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड मुरार में स्थित पवित्र भदावना धाम परिसर में होगा। साथ ही जनपद पंचायत व ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुराने तालाब, कुएं और बावड़ियों इत्यादि जल संरचनाओं को आधुनिक तकनीक व जनभागीदारी से पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जायेंगे। साथ ही नए जलाशय, स्टॉप डैम इत्यादि जल संरचनाएं बनाने का काम भी प्रमुखता से होगा। जल स्त्रोतों का संरक्षण व संवर्धन एवं साफ-सफाई भी अभियान का प्रमुख पहलू होगा। अभियान के तहत शहर-शहर व गांव-गांव में लोगों को यह समझाया जाएगा कि वर्षा जल का संरक्षण, भूजल का पुनर्भरण और जल स्रोतों का संरक्षण जीवन और विकास दोनों के लिए अनिवार्य है।
कलेक्टररुचिका चौहान ने सभी विभागों के अधिकारियों को राज्य शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का पालन कर जल गंगा संवर्धन अभियान की विभागवार कार्ययोजना तैयार कर मूर्तरूप देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *