ग्वालियर में नाबालिग का शव मिलने से सनसनी, गले पर मिले निशान; प्रेमी पर आरोप
नई दिल्ली. ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में कैंसर पहाड़िया मार्ग पर सोमवार सुबह झाड़ियों में 17 साल की लड़की का शव मिला। मृतका के गले पर कसने के निशान मिले हैं। परिजन ने महलगांव निवासी ईशान खान पर हत्या करने का शक जताया है। नया बाजार की एक साड़ी की दुकान पर काम करती थी। रविवार रात करीब 9:05 बजे उसने मां से फोन पर बात की थी। उसने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। करीब 10 मिनट बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने तलाश शुरू की और कंपू थाने में गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

सुबह कैंसर पहाड़िया पर झाड़ियों में शव की सूचना मिली
पुलिस और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे कैंसर पहाड़िया रोड पर झाड़ियों में किशोरी का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजन से शव की पहचान कराई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही
परिजन के मुताबिक किशोरी और महलगांव निवासी ईशान खान के बीच प्रेम प्रसंग था। उन्होंने ईशान पर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामा ने बताया कि घटना से पहले ही नाबालिग ने अपनी मां को बता दिया था कि अगर उसके साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए ईशान खान जिम्मेदार होगा। उन्होंने बताया कि साड़ी की दुकान पर काम करने वाली अन्य स्टाफ की लड़कियों ने बताया था कि कल दोपहर ईशान का फोन आया था और वह बेटी को धमका रहा था।

ईशान खान तीन-चार महीने से लड़की को परेशान कर रहा था।
मामा ने बताया कि ईशान खान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महल गांव का रहने वाला है। वह तीन-चार महीने से लड़की को परेशान कर रहा था। हमने उसे समझाने की कोशिश की थी। हमें लगा था कि बातचीत से वह समझ जाएगा, इसलिए थाने में रिपोर्ट नहीं की थी। अगर रिपोर्ट कर दी होती तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।
पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही
कंपू थाना प्रभारी और डीएसपी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि किशोरी के लापता होने की शिकायत पर रात में ही तलाश शुरू कर दी गई थी। सुबह कैंसर पहाड़िया के पास उसका शव मिला। गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस कॉल डिटेल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

