दिल्ली एनसीआर और जम्मू कश्मीर में भूकंप के तेज झटके
नई दिल्ली. अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शनिवार शाम 7.04 बजे 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसका असर अफगानिस्तान समेत 8 देश भारत, पाकिस्तान, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में देखा गया।
जम्मू कश्मीर व दिल्ली में भी झटके आए
देश में जम्मू कश्मीर और दिल्ली एनसीआर में भी झटके महसूस किए गए। लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान में कलाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर था। भूकंप की गहराई 215 किलोमीटर थी। श्रीनगर के रहने वाले इम्तियाज अहमद ने भूकंप की जानकारी देते हुए बताया कि वह घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे, तभी कुर्सी और बिजली की तारें हिलने लगीं।
जानकारी के अनुसार जहां भूकंप का केंद्र होता है वहां तेज झटके महसूस किए जाते है। जैसे-जैसे केंद्र से दूरी बढती है उतने तेज झटके महसूस नहीं होते है। आमतौर पर भूकंप की तीव्रता 6.5 या उससे ज्यादा होने पर जान-मान के नुकसान की आशंका बढ जाती है। 6 या उससे कम तीव्रता का भूकंप आने पर लोगों और सामान्य जनजीवन पर कम असर होता है।

