अभिषेक बनर्जी के बंगले पर पहुंची कोलकाता पुलिस, अवैध निर्माण का दिया गया था नोटिस
कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस पार्टी के नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर कोलकाता पुलिस पहुंची है। भारी तादाद में पुलिस अभिषेक बनर्जी के आवास पर तैनाती दिखाई दी। अभिषेक बनर्जी के 188ए हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास पर सोमवार को पुलिस पहुंची। ऐसा कहा जा रहा है कि यह कार्यवाही अवैध निर्माण को लेकर कोलकाता नगरनिगम की तरफ से जारी किये गये एक नोटिस के बाद हुई है। हालांकि पुलिस के वहां पहुंचने का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस की टीम लगभग एक घंटे तक अभिषेक के आवास पर रहने के बाद शाम तकरीबन पांच बजे लौट गई। इस मामले पर ना तो अभिषेक बनर्जी और ना ही TMC की ओर से किसी तरह का बयान जारी किया गया है। इससे पहले राज्य की शुभेंदु सरकार ने अभिषेक बनर्जी की Z+ सिक्योरिटी वापस ले ली थी। इसके अलावा कालीघाट स्थित उनके आवास और कैमैक स्ट्रीट पर उनके ऑफिस कैंपस के बाहर तैनात पुलिसबल को भी वापस बुला लिया गया था।
बता दें कि इससे पहले बंगाल विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी.यह FIR सामाजिक कार्यकर्ता राजीव सरकार की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी. पुलिस में दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक, आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी ने 27 अप्रैल से 3 मई के बीच हुए कई चुनावी कार्यक्रमों के दौरान भड़काऊ बयान दिए. इन भाषणों से दुश्मनी को बढ़ावा मिला, सार्वजनिक शांति भंग हुई और इनमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सीधे तौर पर धमकियां भी दी गईं।

