होटल बंद है खाना नहीं मिल पायेगा, कहते ही भड़के बदमाश, शुरू कर दी फायरिंग, घटना सीसीटीवी में हुई कैद

ग्वालियर. हजीरा चौराहा इलाके स्थित करिश्मा होटल के संचालक पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात कट्टे से फायरिंग का मामाला सामने आया है। देर रात कुछ लड़के होटल पर खाना मांगने पहुंचे थे। होटल बंद होने की बात कहने पर वह भड़क गये। आरोपियों ने फायरिंग के बाद होटल के काउंटर पर लात मारकर हंगामा किया और मौके से फरार हो गये। पूरी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी ।
ळजीरा चौराहे पर सोनू सिंह करिश्मा होटल के नाम से संचालित करते है। घटना के वक्त सामान समेटकर शटर बंद कर रहे थे।तभी बाइक और स्कूटी से आये युवकों ने खाना मांगा। सोनू सिंह ने होटल बन्द होने और तन्दूर ठंडा होने की बात कहीं तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ते ही एक युवक ने कट्टा निकाल कर फायरिंग कर दी। इसकी सूचना पर जब हजीरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन आरोपी भाग चुके थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
हत्या के इरादे से सीने पर चलाई गोली
बदमाशों में शामिल करण ने कमर से कट्टा निकालकर होटल संचालक सोनू सिंह के सीने की तरफ फायर कर दिया। गोली चलाते ही सोनू सिंह एक तरफ हट गए, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने होटल के शटर और काउंटर में तोड़फोड़ की।
फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। सोनू सिंह की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया- देर रात खाना न मिलने की बात पर विवाद हुआ था। मुख्य आरोपी करण बाथम की पहचान हो चुकी है। अन्य आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज से की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

