Newsमप्र छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश 

ग्वालियर – राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करना राजस्व अधिकारियों का प्रथम दायित्व है। शासन द्वारा राज्स प्रकरणों के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित समय में प्रकरणों का निराकरण न करने वाले राजस्व अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ सीएम हैल्पलाइन, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, फार्मर आईडी, राजस्व एवं वन विभाग के प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने समीक्षा के दौरान राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामले में राजस्व अधिकारी तत्परता से कार्रवाई करें। कार्रवाई के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों का भी सहयोग लें। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। अवैध कॉलोनी निर्माण के विरूद्ध भी राजस्व अधिकारी सजगता के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जो राजस्व अधिकारी शासकीय कार्य में लापरवाही बरतते हैं उनके विरूद्ध कार्रवाई के प्रस्ताव भी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत करें। शासकीय कार्य में लापरवाही पाए जाने पर किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को बख्शा नहीं जायेगा।
कलेक्टर ने राजस्व वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की और अधिकारियों से कहा कि लंबित राजस्व वसूली, नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के लंबित प्रकरणों में तेजी लाई जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज राजस्व संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के लिए नियमित सुनवाई की जाए और प्रकरणों की प्रगति की सतत निगरानी रखी जाए।
सीएम हैल्पलाइन में दर्ज राजस्व प्रकरणों का त्वरित करें निराकरण
समीक्षा बैठक में सीएम हैल्पलाइन में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के संबंध में दर्ज शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में आवेदकों से किसी भी स्थिति में रिकॉर्ड न मांगा जाए। रिकॉर्ड संधारित करने का कार्य राजस्व अधिकारियों का है। उन्होंने निर्देशित किया है कि सीएम हैल्पलाइन में राजस्व प्रकरणों के संबंध में जो भी प्रकरण दर्ज है उनका निराकरण राजस्व अधिकारी तत्परता से सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *