Newsमप्र छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने शीतला माता मंदिर मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ग्वालियर -सातऊ ग्राम में स्थित सुप्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में नवदुर्गा महोत्सव के अवसर पर आयोजित हो रहे मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान रविवार की देर शाम शीता माता मंदिर पहुँचीं। शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मंदिर तक लगवाई गई स्ट्रीट लाइट व पहुँच मार्ग के दोनों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई झाड़ियों की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी कलेक्टर के साथ शीतला माता मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के उद्देश्य से पहुंचे थे।    कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में बिजली,पेयजल, साफ सफाई इत्यादि व्यवस्थाएं 24 घंटे पुख्ता रहें। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक में विशेष जोर देकर कहा कि श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से माता के दर्शन व पूजा-अर्चना कर सकें, इसके लिये बैरीकेटिंग व कतार लगाने की व्यवस्था मजबूत बनी रहे । इसमें कोई ढ़िलाई न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मंदिर तक यातायात व्यवस्था को सुगम व सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएं। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ सभी का व्यवहार संवेदनशील व सम्मानजनक हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *