11 दुकानें जमींदोज, दतिया में हटाया गया अतिक्रमण, शीतलामाता मंदिर के पास चला बुलडोजर
दतिया. इंदरगढ़ के मुख्य बाजार में शीतला माता मंदिर के नजदीक रविवार को लगातार तीसरे दिन अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गयी। प्रशासन और नगर परिषद की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की सहायता से 11 दुकानों को जमींदोज कर 41 फीट तक का अतिक्रमण हटा दिया है। यह कार्यवाही 3 करोड़ रूपये की लागत से प्रस्तावित सीसी रोड और नाले का निर्माण किया जाना है।
तहसीलदार दीपक यादव ने बताया है कि शीतलामाता मंदिर से भांडेर रोड तक लगभग 3 करोड़ रूपये की लागत से नाला और सीसी रोड का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिये सड़क की चौड़ाई 41 फीट निर्धारित की गयी है। इसी के चलते सड़क किनारे बने अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की जा रही है।
शनिवार को दी गयी थी अतिक्रमण हटाने की मोहलत
शुक्रवार का अभियान के पहले दिन 6 दुकानों को आंशिक रूप से तोड़ा गया था। कुछ दुकानदारों के आग्रह पर शनिवार को उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिये समय दिया गया था। ताकि जेसीबी से तोड़फोड़ में ज्यादा नुकसान न हो।
परिवार के भरण-पोषण का खड़ा हुआ संकट
दुकानदारों का आरोप है कि जानबूझकर केवल उनकी दुकानों को ही इस तोड़फोड़ का निशाना बनाया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से अब उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। तहसीलदार दीपक यादव ने आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सड़क निर्माण के लिए 41 फीट तक की जमीन की आवश्यकता है। चिन्हांकन के आधार पर ही अतिक्रमण हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया था। लेकिन ऐसा नहीं करने पर पुलिस और नगर परिषद की टीम के साथ जेसीबी से कार्रवाई की गई है।

