11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे। यहां वे महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। ये जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में दी। CM आज उज्जैन दौरे पर हैं। वे सुबह 11 बजे यहां पहुंचे। यहां उन्होंने नृसिंह घाट के पास समन्वय परिवार के आश्रम में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। मूर्ति का अनावरण करते हुए CM ने कहा स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज जी के आशीर्वाद से हमारा देश, हमारी संस्कृति आगे बढ़ रही है। उनका आशीर्वाद सर्वदा हम सब पर बना रहे, यही प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी PSC परीक्षा में आयु सीमा में 3 साल की अतिरिक्त छूट देने का ऐलान किया है। यह बात उन्होंने सीएम हाउस में पौधारोपण के बाद कही। सीएम ने कहा, कई छात्रों ने आग्रह किया था कि कोरोना के कारण PSC की परीक्षाएं नहीं हो पाईं। इससे वे परीक्षा देने से वंचित रह गए। उन छात्रों का तर्क मुझे ठीक लगा, इसलिए यह फैसला किया है कि आगामी एक परीक्षा में अधिकतम आयु सीमा में 3 साल की छूट दी जाएगी। ऐसा करने से कोरोना के कारण जो छात्र परीक्षा से वंचित रह गए, वे सभी इसमें शामिल हाे पाएंगे।

