शहर की सीमा पर स्थित तिराहा-चौराहों पर छापामार कार्रवाई, रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त ट्रॉली

रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त
ग्वालियर – रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शहर की सीमा पर स्थित विभिन्न तिराहों-चौराहों पर रेत की ट्रॉली खड़ी करने की प्रवृत्ति पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गुरुवार की सुबह लगभग 7 बजे अनुविभागीय दण्डाधिकारी झांसी रोड के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने विक्की फैक्ट्री तिराहा व हुरावली चौराहा सहित अन्य स्थानों पर छापामर कार्रवाई की। इस दौरान रेत से भरे 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।
प्रभारी खनिज अधिकारी ने बताया कि अवैध व ओवरलोड रेत से भरे 7 ट्रेक्टर-ट्रॉली झांसी रोड थाना क्षेत्र में जब्त की गई हैं। इसी तरह तीन ट्रेक्टर ट्रॉली सिरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जब्त की गई हैं। इन ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में भेजा गया है। साथ ही इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के लिये गई टीम में एसडीएम झांसी रोड व तहसीलदार कुलदीप दुबे सहित अन्य राजस्व अधिकारी, प्रभारी खनिज अधिकारी व पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।

